मध्य प्रदेश के गुना में दलित किसान परिवार के साथ पुलिस की बर्बरता के बाद किसान दंपति ने खेत में ही कीटनाशक खाकर जान देने की कोशिश की। दोनों का इलाज चल रहा है। जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई पुलिस ने किसान की बेरहमी से पिटाई की और उसकी पत्नी के कपड़े भी फाड़ दिए। इसका वीडियो वायरल होने के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जिले के कलेक्टर और एसपी को पद से हटा दिया है।एमपी के गुना जिले में पुलिस की बर्बरता ने एक किसान दंपति को कीटनाशक पीने पर मजबूर कर दिया। जमीन से अवैध कब्जा हटाने पहुंची पुलिस से किसान ने फसल कट जाने तक रुकने के लिए कहा। पुलिस नहीं मानी तो उन्होंने खेत में ही कीटनाशक पी लिया। पुलिस का कहना है कि वह दोनों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाने लगी तो किसान के भाई ने एक महिला पुलिसकर्मी को धक्का दे दिया। इसके बाद पुलिस ने पहले तो किसान को पीट-पीट कर बेसुध कर दिया। उसे बचाने आई पत्नी और बच्चों को भी नहीं छोड़ा। महिला के कपड़े तक फाड़ डाले। पुलिस की बर्बरता का वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर निशाना साधा। बुधवार रात सीएम ने गुना के एसपी और कलेक्टर को हटाने के आदेश दिए जबकि गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उच्चस्तरीय जांच का ऐलान कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई से आहत किसान दंपति ने खेत में ही कीटनाशक पी लिय़ा। दोनों को बेसुध होते देख पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूलने लगे। पति-पत्नी को एंबुलेंस में लादकर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।अस्पताल ले जाते समय पुलिस की किसान परिवार से झड़प भी हुई। पुलिस का कहना है कि राजकुमार के भाई ने एक महिला पुलिसकर्मी को धक्का दिया था। इसके बाद पुलिस ने उनके साथ ऐसा सलूक किया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।बुधवार को मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार लगातार विरोधियों के निशाने पर है। सबसे पहले पूर्व सीएम कमलनाथ ने वीडियो शेयर कर प्रदेश में जंगलराज होने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी ट्वीट कर मामले पर आक्रोश जताया। बुधवार रात सीएम शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गुना के कलेक्टर और एसपी को हटाने का आदेश जारी किया। वहीं, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटना की उच्चस्तरीय जांच का ऐलान करते हुए कहा कि दोषियों को किसी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।
गुना में किसान परिवार के साथ पुलिस की बर्बरता