गैंगस्टर विकास दुबे मुठभेड़ में मारा गया


कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे आज कानपुर में एक मुठभेड़ में मारा गया है। जानकारी के मुताबिक, उज्जैन से कानपुर आ रही यूपी एसटीएफ की गाड़ी के रास्ते में पलटने के बाद विकास दुबे ने भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस और विकास दुबे के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। गाड़ी पलटने के बाद मोस्टवांटेड विकास दुबे ने पिस्टल छीनकर गोली चलाई। एनकाउंटर में गंभीर रूप से घायल विकास दुबे को पुलिस अस्पताल लेकर गई। इसके बाद पुलिस की ओर से विकास दुबे के एनकाउंटर में मारे जाने की पुष्टि की गई है। इस मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मियों घायल हुए हैं।


कानपुर के बिकरु गांव में दो जुलाई की रात को आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर देशभर में सुर्खियों में आया उत्तर प्रदेश का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विकास दुबे गुरुवार सुबह उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में मिला था। छह दिन की तलाश के बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, जिस कुख्यात अपराधी को लेकर कई राज्यों की पुलिस अलर्ट थी, उसकी गिरफ्तारी उतनी ही नाटकीय ढंग से हुई।